Header Ads

IND vs ENG Live Score: फाइनल के टिकट के लिए आज भारत-इंग्लैंड में होगी कड़ी टक्कर, जानें मैच की पूरी डिटेल्स

IND vs ENG Semi-Final, T20 World Cup 2026 Today Cricket Match Live Score: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल आज यानी गुरुवार (5 मार्च) को भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि इसके आधे घंटे पहले यानी 6.30 बजे टॉस होगा. इस मुकाबले की विजेता टीम रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी. न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.

गौरतलब है कि भारत और इंग्लैंड की टीमें लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी. 2022 में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी, जबकि 2024 में भारत ने बाजी मारी थी. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया सुपर-8 चरण में एक मैच हारने के बावजूद सेमीफाइनल तक पहुंची है, वहीं हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए अंतिम 4 में पहुंची है. दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में हैं और दोनों के बीच फाइनल के टिकट के लिए कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है.

IND vs England 2nd Semi Final: कब और कहां देखें लाइव?

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा. भारतीय फैंस इस मुकाबले को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देख सकते हैं. इसके अलावा, आप जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग मजा भी उठा सकते हैं.

India vs ENG 2nd Semi Final: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI

भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती.

इंग्लैंड: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद.

England vs IND 2nd Semi Final: वेदर और पिच रिपोर्ट

वानखेड़े स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, जहां टी20 फॉर्मेट में अक्सर हाई स्कोर वाले मैच देखने को मिलते हैं. यहां छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण बल्लेबाजों के लिए शॉट खेलना आसान हो जाता है. दूसरी पारी में ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे लक्ष्य का बचाव करना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है.

वहीं, मौसम की बात करें तो मैच के दिन मुंबई में आसमान साफ रहने की संभावना है. तापमान 27 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि नमी का स्तर 60 प्रतिशत से अधिक रहने की उम्मीद है. बारिश की कोई संभावना नहीं है. यानी फैंस को बिना किसी रुकावट पूरे 40 ओवर के मैच का रोमांच देखने को मिलेगा.

India vs England 2nd Semi Final: हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड देखें तो टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आता है. अब तक दोनों टीमों के बीच 29 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 17 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को 12 मैचों में जीत मिली है. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें अब तक 5 बार भिड़ चुकी हैं, जिनमें भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 2 मैच जीते हैं. यहां भी भारत का पलड़ा भारी रहा है.

मैच के पल-पल अपडेट्स के लिए जुड़े रहे हमारे साथ…

The post IND vs ENG Live Score: फाइनल के टिकट के लिए आज भारत-इंग्लैंड में होगी कड़ी टक्कर, जानें मैच की पूरी डिटेल्स appeared first on News24 Hindi.

No comments

Powered by Blogger.