IND vs ENG: 123 साल बाद हुआ ऐसा, टीम इंडिया ने ओवल में किया बड़ा कमाल, छा गए कप्तान शुभमन गिल
IND vs ENG: टीम इंडिया ने ओवल में ऐतिहासिक जीत का स्वाद चखा। मोहम्मद सिराज की कातिलाना गेंदबाजी के बूते भारतीय टीम ने इंग्लैंड को रोमांच से भरे पांचवें टेस्ट मैच में 6 रनों से धूल चटाई। सिराज का भरपूर साथ प्रसिद्ध कृष्णा ने दिया।
टेस्ट के आखिरी दिन इंग्लैंड के बल्लेबाज 4 विकेट हाथ में होने के बावजूद 35 रन तक नहीं बना सके और पूरी टीम 374 रनों के लक्ष्य के जवाब में 367 रन बनाकर सिमट गई। ओवल में मिली करीबी जीत के साथ ही गिल की युवा ब्रिगेड ने वो कारनामा कर दिखाया है, जो पिछले 123 साल में नहीं हो सका था।
गिल की सेना ने किया कमाल
दरअसल, इंग्लैंड को अपनी ही सरजमीं पर किसी टेस्ट मैच में 10 रनों के कम अंतर से 123 साल बाद हार का मुंह देखना पड़ा है। इंग्लैंड को टीम इंडिया ने 6 रनों से पटखनी दी। इससे पहले साल 1902 में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को उन्हीं की धरती पर 3 रनों से हराया था।
2⃣-2⃣ 🏆
— BCCI (@BCCI) August 4, 2025
The first ever Anderson-Tendulkar Trophy ends in a draw 🤝#TeamIndia | #ENGvIND pic.twitter.com/9dY6LoFOjG
ओवल टेस्ट में जीत की दहलीज पर खड़ी इंग्लिश टीम का बैटिंग ऑर्डर टेस्ट के आखिरी दिन ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड के बैटर्स ने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम 367 रन बनाकर ढेर हो गई। सिराज ने गस एटकिंसन को क्लीन बोल्ड करते हुए टीम इंडिया की जीत पर मुहर लगाई।
2-2 से बराबर रही सीरीज
ओवल में मिली जीत के साथ टीम इंडिया पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबर करने में सफल रही। हेडिंग्ले में इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हराया था। हालांकि, एजबेस्टन में भारतीय टीम ने जबरदस्त कमबैक करते हुए मेजबान टीम को 336 रनों से रौंद डाला था।
मगर लॉर्ड्स में फिर इंग्लैंड ने बाजी मारी और सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल की। मैनचेस्टर में भारतीय टीम सीरीज का चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ कराने में सफल रही। वहीं, आखिरी टेस्ट में टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज का अंत बराबरी पर करने में सफल रही।
The post IND vs ENG: 123 साल बाद हुआ ऐसा, टीम इंडिया ने ओवल में किया बड़ा कमाल, छा गए कप्तान शुभमन गिल appeared first on News24 Hindi.
Post a Comment