NZ vs AFG: सीफर्ट-फिलिप्स ने खेली धांसू पारी, न्यूजीलैंड ने धमाकेदार जीत के साथ किया टूर्नामेंट का आगाज
NZ vs AFG: न्यूजीलैंड ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज जीत के साथ किया है. टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में कीवी टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया. अफगानिस्तान से मिले 183 रनों के लक्ष्य को कीवी टीम ने 5 विकेट खोकर 17.5 ओवर में हासिल कर लिया. टीम की ओर से टिम सीफर्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 65 रनों की धमाकेदार पारी खेली. वहीं, ग्लेन फिलिप्स ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करते हुए 25 गेंदों में 42 रन ठोके.
सीफर्ट-फिलिप्स ने दिलाई न्यूजीलैंड को जीत
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. फिल एलेन महज एक रन बनाकर चलते बने, तो रचिन रविंद्र को भी मुजीब उर रहमान ने बिना खाता खोले पवेलियन की राह दिखाई. हालांकि, इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और सीफर्ट ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े.
फिलिप्स 25 गेंदों में 42 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए. वहीं, सीफर्ट ने 42 गेंदों में 65 रनों की धमाकेदार पारी खेली. सीफर्ट के पवेलियन लौटने के बाद मार्क चैपमेन ने 17 गेंदों में 28 रन जड़, तो डेरिल मिचेल ने 14 गेंदों में 25 रन ठोकते हुए टीम को टूर्नामेंट की पहली जीत दिलाई. वहीं, कप्तान मिचेल सैंटनर ने 8 गेंदों में नाबाद 17 रन जड़े.
गुलबदीन नायब की पारी गई बेकार
इससे पहले टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही. इब्राहिम जादरान महज 10 रन बनाकर चलते बने. वहीं, गुरबाज 22 गेंदों में 27 रन बनाने के बाद लॉकी फर्ग्यूसन का शिकार बने. हालांकि, इसके बाद गुलबदीन नायब और सिद्दीकुल्लाह अटल ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े. अटल 29 रन बनाकर आउट हुए, तो रसूली 20 रन बनाकर चलते बने.
हालांकि, नायब ने एक छोर संभाले रखा और ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 63 रनों की धमाकेदार पारी खेली. अपनी इस इनिंग के दौरान नायब ने 3 चौके और 4 सिक्स जमाए, जिसके दम पर अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 182 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही.
The post NZ vs AFG: सीफर्ट-फिलिप्स ने खेली धांसू पारी, न्यूजीलैंड ने धमाकेदार जीत के साथ किया टूर्नामेंट का आगाज appeared first on News24 Hindi.
Post a Comment